दिल्ली में स्वाइन फ्लू के 2 मरीजों की हालत नाजुक
नई दिल्ली, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती स्वाइन फ्लू के दो मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों मरीजों को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।
इनमें 12 साल की एक लड़की और 69 साल का एक वृद्ध शामिल है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एन.के.चतुर्वेदी ने आईएएनएस को बताया," दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।"
उन्होंने बताया कि दोनों मरीजों में पिछले सप्ताह स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी लेकिन उन्हें कुछ अन्य बीमारियां भी हैं। बच्ची को सांस की तकलीफ है जबकि वृद्ध व्यक्ति गुर्दा रोग से पीड़ित है। उन्होंने बताया कि चिकित्सक उनकी देखभाल कर रहे हैं।
चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल में इस समय स्वाइन फ्लू के 11 मरीज हैं। नई दिल्ली में अब तक इस बीमारी की वजह से तीन की मौत हो चुकी है। यहां अब तक स्वाइन फ्लू के 809 मामले सामने आए हैं जिनमें से 80 प्रतिशत का इलाज हो चुका है।
गौरतलब है कि देश में अब तक स्वाइन फ्लू के 4,783 मामले दर्ज किये गये हैं और इसकी वजह से 132 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications