स्वाइन फ्लू बना रहेगा, लेकिन देश इससे निपटने को तैयार : आजाद
आजाद ने कहा है कि वैश्विक स्तर पर महामारी बन चुकी इस बीमारी के फैलाव को रोकने के दौरान प्रशासन को कुछ नसीहतें मिली हैं।
आजाद ने काठमांडू में आयोजित विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्रियों की 27वीं बैठक और डब्ल्यूएचओ दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की 62वीं क्षेत्रीय समिति सत्र के दौरान कहा, "स्वाइन फ्लू के विस्तार को रोकने के लिए इसकी तत्काल पहचान, पुष्ट मामलों का पूर्ण उपचार और जागरूकता पैदा करने के लिए जन-जागरण महत्वपूर्ण हैं।"
यह वार्षिक बैठक स्वास्थ्य मुद्दों पर प्रगति की समीक्षा और भावी कार्रवाई का खाका तैयार करने का एक मंच है।
यहां जारी एक बयान के अनुसार आजाद ने कहा है, "फ्लू का वायरस यहां बना रहेगा और हमारे लाख प्रयासों के बाद भी इसका फैलाव होता रहेगा।"
आजाद ने कहा है कि भारत संदिग्ध रोगियों की तत्काल पहचान करने और उनका समय रहते निदान व इलाज करने पर अपना ध्यान केंद्रित किए हुए है।
आजाद ने कहा कि प्रयोगशाला की जांच क्षमता बढ़ा दी गई है और राष्ट्रीय, राज्य व जिला स्तर पर जुटाए गए चिकित्सकों के द्रुत प्रतिक्रिया दल गठित कर दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications