आंध्र प्रदेश और दिल्ली देश के शीर्ष पर्यटक स्थल
पर्यटन मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़े बताते हैं कि आंध्र प्रदेश ने अन्य राज्यों की तुलना में सर्वाधिक घरेलू पर्यटकों को आकर्षित किया है। यह राज्य तिरुमला तिरुपति मंदिर के लिए विख्यात है।
अधिकारियों ने कहा है कि वर्ष 2008 में 13.26 करोड़ पर्यटकों ने आंध्र प्रदेश का दौरा किया। जबकि वर्ष 2007 में राज्य में 12.70 करोड़ पर्यटक आए थे।
वर्ष 2008 में दिल्ली में भी विदेशी पर्यटकों की संख्या में उछाल देखा गया। वर्ष 2007 में 20.10 लाख और 2006 में 19 लाख के मुकाबले वर्ष 2008 में 23 लाख विदेशी पर्यटकों ने दिल्ली का दौरा किया।
उत्तर प्रदेश भी पर्यटन के मामले में लगातार तीसरे वर्ष लोकप्रिय बना हुआ है। पिछले वर्ष 12.48 करोड़ पर्यटकों ने राज्य का दौरा किया था। जबकि 2007 में 10.55 करोड़ पर्यटक राज्य में आए थे।
पिछले वर्ष घरेलू पर्यटकों के बीच लोकप्रिय रहे अन्य राज्यों में तमिलनाडु (9.80 करोड़ से अधिक), राजस्थान (2.80 करोड़ से अधिक), मध्य प्रदेश (2.20 करोड़ से अधिक), महाराष्ट्र (दो करोड़ से अधिक), उत्तराखंड (दो करोड़), पश्चिम बंगाल (1.90 करोड़ से अधिक), गुजरात (1.50 करोड़) और कर्नाटक (1.20 करोड़ से अधिक) शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications