पाकिस्तान 26/11 की जांच को लेकर गंभीर : विदेश विभाग
पाकिस्तानी विदेश विभाग के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने बीबीसी रेडियो से एक साक्षात्कार में कहा, "भारत को हमारी गंभीरता पर शक नहीं करना चाहिए। आरोप लगाने की जगह उसे जांच से जुड़े सबूत प्रदान करने चाहिए ताकि हम मामले को आगे ले जा सके।"
उन्होंने कहा, "हम भारत को साफ कहना चाहते हैं कि यह पूरी तरह से कानूनी मामला है और पाकिस्तान तथा भारत इस सिलसिले में कुछ नहीं कर सकते। दस्तावेजों पर भी सिर्फ अदालत ही फैसला कर सकती है। मामला फिलहाल अदालत में है इसलिए इस बारे में प्रतिक्रिया देना अनुचित है।"
लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद पर मुकदमा चलाने की पाकिस्तान की अनिच्छा संबंधी केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम द्वारा दिए गए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बासित ने कहा कि यह शर्म अल-शेख में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों द्वारा जारी साझा बयान की भावना के खिलाफ है।
पाकिस्तान को सौंपे गए दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा देने से इंकार करते हुए चिदम्बरम ने समाचार चैनल एनडीटीवी से बातचीत में पिछले दिनों कहा था, "हम जानते हैं कि अजमल कसाब पहली बार कब और कहां हाफिज सईद से मिला था। हमें यह भी पता है कि सईद ने प्रशिक्षुओं से क्या कहा था। हमें ऐसे एक दर्जन ऐसे ठिकानों की जानकारी है जहां आतंकवादियों को प्रशिक्षण दिया जाता था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications