ट्रेन में लूटपाट के मामले में 7 पुलिसकर्मी निलंबित (लीड-1)
पुलिस के अनुसार सोमवार को इस घटना के विरोध में विकलांग बच्चों ने राजेन्द्रनगर टर्मिनल के पास रेल पटरी पर जाम लगा दिया। इस कारण लगभग एक घंटे तक रेल यातायात अवरुद्घ रहा। बाद में रेल अधिकारियों के आश्वासन पर विकलांगों ने जाम हटा लिया।
पटना राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधीक्षक उपेन्द्र कुमार सिन्हा ने सोमवार को बताया कि रेलगाड़ी में सुरक्षा के लिए तैनात सात पुलिसकर्मियों को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार संदिग्धों से पूछताछ के दौरान डकैतों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं। उन सुरागों के आधार पर डकैतों के संभावित ठिकानों पर छापे मारे जा रहे हैं।
घटना के बाद बिहार विकलांग अकादमी के सचिव शिवाजी कुमार ने मांग की है कि लूटपाट के दौरान घायल विश्वकर्मा शर्मा के इलाज में हो रहे खर्च को सरकार द्वारा वहन किया जाए तथा विकलांगों के लिए आरक्षित डिब्बे रेलगाड़ी के बीच में लगाए जाएं। कुमार ने यह भी मांग की है कि लूटपाट के दौरान डकैतों को खदेड़ने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाए, ताकि उनका मनोबल ऊंचा उठ सके।
उल्लेखनीय है कि शनिवार की रात लगभग 10 लुटेरों ने दानापुर-हावड़ा एक्सप्रेस के विकलांगों के लिए आरक्षित बोगी में लूटपाट की थी। इस डिब्बे में बिहार के विकलांग खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने कोलकाता जा रहे थे। लूटपाट के दौरान डकैतों द्वारा चलाई गई गोली से कोच विश्वकर्मा शर्मा घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications