मुंगेर न्यायालय परिसर में कैदियों ने किया बम विस्फोट
पटना, 7 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में मुंगेर जिला मुख्यालय के न्यायालय परिसर में सोमवार को तीन कैदियों द्वारा किए गए बम विस्फोट में पुलिस का एक जवान घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार कैदियों ने यह विस्फोट फरार होने के लिए किया था। इस दौरान फरार होने की कोशिश कर रहा एक कैदी पुलिस कार्रवाई में मारा गया।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि सोमवार को मुंगेर कारागार से तीन कैदियों को पेशी के लिए न्यायालय लाया गया था। पेशी के बाद जब उन्हें वापस ले जाया जा रहा था, तभी उन्होंने अपने पास रखे पॉलिथिन से बम निकालकर विस्फोट कर दिया और वहां से भागने का प्रयास किया।
नीलमणि ने बताया कि इस विस्फोट में एक सिपाही घायल हो गया। कैदियों को भागने की कोशिश करते देख पुलिस की ओर से चलाई गई गोली से एक कैदी की मौत हो गई और दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि तीसरा कैदी फरार होने में सफल रहा। नीलमणि के मुताबिक तीनों कैदी हत्या के एक मामले में आरोपी है।
नीलमणि ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मुंगेर से लगी सभी सड़कें सील कर दी गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications