ईरान वैश्विक शक्तियों से वार्ता को तैयार
तेहरान, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने सोमवार को कहा कि उनका देश दुनिया की शक्तियों से वैश्विक मुद्दों पर वार्ता को तैयार है और उनके विचार से ईरान का परमाणु मुद्दा समाप्त हो चुका है।
अहमदीनेजाद ने कहा, "हम वार्ता के लिए तैयार हैं लेकिन ईरान न तो यूरेनियम संवर्धन रोकेगा और न ही अपने परमाणु अधिकारों पर सौदेबाजी करेगा।"
वेबसाइट आईएलएनए के अनुसार अहमदीनेजाद ने कहा, "हमारे विचार से ईरान का परमाणु मुद्दा समाप्त हो चुका है। हम अंतर्राष्ट्रीय ढांचे में और अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के निकट संपर्क में अपना कामकाज जारी रखेंगे।"
उन्होंने कहा कि वह ईरानी जनता के अधिकारों पर कभी सौदेबाजी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, " एक बार फिर मैं घोषणा करता हूं कि मैं दुनिया की मीडिया के सामने वैश्विक मुद्दों पर बहस के लिए तैयार हूं।"
उन्होंने कहा कि इस संबंध में तेहरान शीघ्र ही अपने प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांचों स्थाई सदस्यों और जर्मनी के सामने प्रस्तुत करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications