श्रीलंका से संयुक्त राष्ट्र अधिकारी का निष्कासन रद्द होने की संभावना नहीं
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार यूनिसेफ के प्रवक्ता जेम्स एल्डर को देश छोड़ने का आदेश दिया गया और उनका वीजा रद्द कर दिया गया।
एक अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि इस फैसले को बदले जाने की संभावना नहीं है।
यूनिसेफ इस अचानक हुए निर्णय के बारे में स्पष्टीकरण चाहता है लेकिन कोलंबो के संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों के अनुसार अभी तक कोई भी स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।
देश के उत्तरी हिस्से में शिविरों में रह रहे करीब 270,000 तमिल शरणार्थियों की दुर्दशा के बारे में एल्डर ने मीडिया में टिप्पणी की थी।
उन्होंने कहा था कि वावुनिया जिले में भारी वर्षा से वहां के कुछ हिस्सों में स्थित राहत शिविरों में पानी भर गया है।
सरकार पर शरणार्थियों को पुर्नवास का भारी दबाव है लेकिन उसका कहना है कि बारूदी सुरंगों की सफाई और आधारभूत संरचना का निर्माण पहले किया जाना आवश्यक है।
श्रीलंका के विपक्षी दलों का कहना है कि इस वर्ष के अंत तक शरणार्थियों के पुर्नवास के सरकार के लक्ष्य के पूरा होने के बारे में उनको संदेह है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications