हथियारों से लदा यूएई का विमान कब्जे में लिया गया
यूएई वायु सेना का विमान सी130जे अबूधाबी से चीन के हानयांग जा रहा था और रविवार शाम यहां के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ईंधन भरवाने के लिए उतरा था।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता और विंग कमांडर (पूर्वी कमान) महेश उपासनी ने आईएएनएस को बताया, "यह एक सामान्य पारगमन था। उन्होंने दूतावास के माध्यम से अनुमति मांगी थी और उसके बाद एक आधिकारिक आवदेन पत्र भरा था। परंतु आधिकारिक आवेदन पत्र में इस बारे में कोई सूचना नहीं दी गई थी कि विमान विस्फोटक और हथियार लेकर जाएगा। उन्होंने संबद्ध कॉलम खाली छोड़ दिया था।"
उन्होंने बताया, "जब हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने विमान की तलाशी ली तो उसमें विस्फोटक साम्रगी और हथियार मिले। उन्होंने तत्काल भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को इसकी सूचना दी। "
उपासनी ने बताया, "बाद में विमान के चालक दल के नौ सदस्यों को हिरासत में ले लिया गया और विमान को वहीं रोक लिया गया। सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने 'बेहतरीन' काम किया है।"
प्रवक्ता ने कहा कि यूएई वायु सेना के कर्मियों से पूछताछ की जाएगी और यह मसला दूतवासों के जरिए सुलझाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications