वायु सेना के लिए एफ-16 विमानों का परीक्षण आरंभ
बेंगलुरू, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका की विमान निर्माता कंपनी लाकहीड मार्टिन ने सोमवार को भारतीय वायुसेना के लिए अपने तीन एफ-16 विमानों का परीक्षण आरंभ कर दिया। वायुसेना मिग-21 विमानों के पुराने बेड़े के हटाने के लिए मध्यम आकार के बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान (एमएमआरसी) खरीदना चाहती है।
लाकहीड के अंतर्राष्ट्रीय संचार प्रबंधक जान गीज ने आईएएनएस को बताया कि विमानों का परीक्षण बेंगलुरू, जैसलमेर और लेह में विभिन्न परिस्थितियों में 18 सितम्बर तक चलेगा। परीक्षणों को आरंभ करने के लिए तीन से पांच सितम्बर तक प्रशिक्षण का दौर चला।
गर्म वातावरण और ऊंचाई पर उसके प्रदर्शन के आकलन के लिए राजस्थान के जैसलमेर और जम्मू एवं कश्मीर के लेह में विमान का परीक्षण अगले सप्ताह किया जाएगा।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की वायुसेना के लिए दुबई में तैनात तीन एफ-16 विमान पायलटों के साथ 12 दिवसीय परीक्षण के लिए दो सितम्बर को बेंगलुरू पहुंचे।
गीज ने बताया कि खराब मौसम के कारण लड़ाकू विमान तय समय से दो दिन बाद बेंगलुरू पहुंचे। प्रशिक्षण के दौरान भारतीय वायुसेना के आकलन दल को विमान की क्षमता और प्रौद्योगिकी विशेषकर नवीनतम इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और उड़ान सहायक उपकरणों से परिचित कराया गया।
वायुसेना के लिए 126 विमानों की आपूर्ति के लिए 10 अरब डॉलर के सौदे को हासिल करने की दौड़ में बोइंग कंपनी का एफ/ए18एन सुपर हार्नेट, डसाल्ट राफेल, रूस का मिग-35 और यूरोप का यूरोफाइटर टायफून भी शामिल हैं।
पिछले वर्ष दिए गए वैश्विक निविदा के अनुसार सौदा हासिल करने वाले को 18 तैयार विमान देने होंगे और 108 विमानों का निर्माण हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण समझौते के तहत किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications