भोपाल स्टेशन पर शिव सैनिकों का हंगामा, लाठीचार्ज
राजकीय रेलवे पुलिस के पुलिस अधीक्षक जी.के. पाठक ने आईएएनएस को बताया कि प्रदेश भर के शिवसैनिकों को एक नेता ने भोपाल से वैष्णो देवी तक की बगैर खर्च के यात्रा कराने के लिए जमा किया था। इन सभी को शिव सेना की ओर से एक पर्चा भी जारी किया गया, जिस पर पांच से 13 सितम्बर तक की रेल यात्रा का जिक्र है। इसे रेलवे पास बताया जा रहा है।
रविवार की शाम को सैकड़ों की तादाद में शिवसैनिक रेलवे स्टेशन पहुंच गए और उन्होंने पटरियों पर खड़े होकर हंगामा शुरू कर दिया। यह सभी शिव सैनिक मालवा एक्सप्रेस से जम्मूतवी जाने की कोशिश में थे। हालात बिगड़ते देख स्टेशन पर मौजूद जीआरपी के जवानों ने शिवसैनिकों पर लाठीचार्ज कर दिया।
जीआरपी के पुलिस अधीक्षक के अनुसार लगभग पांच हजार शिव सैनिक बिना टिकट के यात्रा करना चाहते थे, इससे आम यात्रियों का परेशान होना तय था। जीआरपी ने इन शिव सैनिकों को बिना टिकट यात्रा करने से रोका है। शिव सैनिकों को टिकट लेकर ही यात्रा करने की अनुमति दी जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है अगर वे नियम विरुद्ध यात्रा करने की कोशिश करेंगे तो उन पर कार्रवाई तय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications