जादू-टोना के शक में गांव से निकाला गया परिवार
मुलताई थाने के सावंगी गांव में पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों का मानना है कि गांव के ही भूपत दास के परिवार ने जादू-टोना करके पानी को बरसने से रोका है। इसी बात को लेकर सावंगी गांव के लोगों ने पिछले दिनों पंचायत की। पंचायत ने भूपत दास परिवार को गांव छोड़ने का फैसला सुना दिया, साथ में उसके मकान में भी तोड़फोड़ कर दी।
भूपत दास के परिवार ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी़ क़े भदौरिया को पंचायत के फैसले के बाद गांव न जा पाने की आपबीती बताने वाला ज्ञापन सौंपा है। भदौरिया ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि उनके पास शिकायत आई है जिसकी जांच के निर्देश उन्होंने मुलताई थाने के प्रभारी टी़ क़े दीक्षित को दे दिए हैं। भदौरिया का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविकता का पता चलेगा।
मुलताई थाने के प्रभारी दीक्षित ने आईएएनएस से चर्चा करते हुए स्वीकार किया है कि भूपत दास ने पंचायत की जमीन पर मवेशी बांधने के लिए निर्माण कार्य कराया था जिसे सरपंच ने तुड़वा दिया है। साथ ही भूपत, उसकी पत्नी द्रोपदी तथा तीनों बच्चे गांव में नहीं है। दीक्षित पंचायत द्वारा परिवार को गांव से निकाले जाने के फैसले को नकारते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications