वाईएसआर के हेलीकॉप्टर का ब्लैक बाक्स बरामद
हैदराबाद, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस.राजशेखर रेड्डी की जिस हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी, उस बेल 430 हेलीकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है।
कुरनूल जिले के नल्लामल्ला के जंगलों से ब्लैक बॉक्स यानी कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर बरामद कर लिया गया है। बुधवार को इस हेलीकॉप्टर दुर्घटना में रेड्डी सहित चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
नक्सल निरोधी बल, ग्रेहाउंड्स ने तलाशी अभियान के दौरान ब्लैक बॉक्स बरामद किया। ब्लैक बॉक्स को दुर्घटना की जांच कर रहे नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को सौंप दिया गया है।
कुरनूल जिले के आत्माकुर में डिविजनल राजस्व अधिकारी लक्ष्मीकांत ने कहा, "उम्मीद है कि ब्लैक बॉक्स दुर्घटना के कारण का पता लगाने में मदद करेगा। जांच दल उसमें दर्ज संदेशों को प्राप्त करने के लिए उसे दिल्ली ले गया है। जांचकर्ता यह जानना चाहेंगे कि दुर्घटना के पूर्व पायलटों द्वारा अंतिम संदेश क्या दिया गया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications