एयर इंडिया के विमान में आग, सभी यात्री सुरक्षित (राउंडअप)
मुंबई, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को रियाद जाने वाले एयर इंडिया के एक विमान में सवार 229 यात्री उस समय बाल-बाल बच गए, जब उड़ान भरने के दौरान विमान के एक इंजन में आग लग गई। इस घटना के जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार आग लगने की एक संभावित वजह ईंधन का रिसाव हो सकता है। एयर इंडिया और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय, दोनों संस्थाओं ने इस घटना के जांच के आदेश दिए हैं।
जब विमान रनवे पर आगे बढ़ना शुरू किया तो वहां उपस्थित कर्मचारी ने सुबह लगभग 10.50 बजे देखा कि विमान के इंजन से आग व धुंआ निकल रहा है। अग्निशमन दल की पांच गाड़ियां आग बुझाने के लिए तत्काल वहां पहुंच गईं और स्लाइड के इस्तेमाल के जरिए यात्रियों को विमान से निकालने का काम भी शुरू कर दिया गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता जितेंद्र भार्गव ने आईएएनएस को बताया कि 'कोणार्क' नाम के बोइंग 747-437 विमान की उड़ान संख्या एआई-829 मुंबई से सऊदी अरब की राजधानी रियाद जा रही थी कि उसके इंजन में आग लग गई।
भार्गव ने कहा, "विमान के एक इंजन में आग लग गई। उसे तुरंत बुझा दिया गया। सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से बाहर निकाल लिया गया। वे सभी सुरक्षित हैं।"
विमानन कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि सबसे पहले विमान के बाएं पंख के नीचे लगे इंजन में आग देखी गई। इसकी तक्काल सूचना दी गई और आपातकालीन सेवाओं को सतर्क कर दिया गया।
यात्रियों को बाहर निकालकर हवाई अड्डे की इमारत में ले जाया गया। अग्निश्मन दल ने आग पर काबू पा लिया।
इस पूरी प्रक्रिया में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आ गईं और उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications