स्वाइन फ्लू की जांच रिपोर्ट 15 दिन बाद भी नहीं पहुंची
बिहार से अब तक 10 नमूने जांच के लिए एनआईसीडी भेजे गए है जिनमें से नौ नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गई है।
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग के डा़ विजय कुमार ने शनिवार को बताया कि 20 अगस्त को पटना के ही एक व्यक्ति का नमूना जांच के लिए एनआईसीडी भेजा गया था परंतु उसकी जांच रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वहां कई बार संपर्क किया गया परंतु जांच की लंबी कतार का बहाना बना कर रिपोर्ट नहीं भेजी जा रही है।
हालांकि वे बताते है कि जिस व्यक्ति का नमूना भेजा गया था वह अब पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले माह तक तो वे रिपोर्ट की जानकारी के लिए यहां आते थे परंतु वे भी अब नहीं आते हैं।
कुमार ने बताया कि शनिवार को पीएमसीएच में कोई भी व्यक्ति स्वाइन फ्लू की जांच के लिए नहीं आया है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में अब तक सिर्फ एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है।
इधर, पीएमसीएच के स्वाइन फ्लू वार्ड के समन्वयक डा़ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को पीएमसीएच को यह निर्देश दिया गया है कि अब स्वाइन फ्लू के नमूने की जांच पटना के राजेन्द्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरएमआरआई) में ही की जाएगी।
आरएमआरआई के निदेशक डा.प्रदीप दास ने बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) से संबंद्घ इस संस्थान में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सभी आवश्यक अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा कालाजार, फ्लू सहित किसी भी प्रकार के वायरस से फैली बीमारी की जांच यहां आसानी से की जाती है।
इसी बीच, बिहार में पर्व-त्योहारों के मौकों पर स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू की जांच के लिए विशेष शिविर लगाने की योजना बनाई है। विभाग के अधिकारियो का मानना है कि दुर्गा पूजा और ईद जैसे पर्वो पर लोगों का आवागमन और मिलने का सिलसिला बढ़ जाता है जिससे स्वाइन फ्लू का बढ़ने का खतरा बना रहता है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि यह योजना विभाग के निर्देष पर राज्य स्वास्थ्य और जिला स्वास्थ्य समिति ने साझा रूप से बनाई है। समिति की योजना के मुताबिक राज्यभर प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों तथा हवाई अड्डों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक शिविर में कम से कम दो चिकित्सक और एक स्वास्थ्य कर्मचारी रहेगा। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ी तो शिविरों में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि चिकित्सकों का दल शिविरों में बाहर से आने वाले लोगों की जांच करेगा और स्वाइन फ्लू के संदिग्ध रोगियों को विशेष जांच के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर देगा। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में राज्य के सभी सिविल सर्जनों को सूचना भेज दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications