पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ गंभीरता दिखाने के लिए काम करे : कृष्णा (लीड-1)
यहां अपने आवास पर कृष्णा ने संवाददाताओं से कहा, " मेरा मानना है कि 26/11 के सूत्रधारों के खिलाफ पाकिस्तान के लिए कार्रवाई करने का यही समय है, जिससे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उसकी गंभीरता दुनिया और भारत के सामने प्रदर्शित हो सके। हमने छह दस्तावेजों के माध्यम से मुंबई हमले के षड्यंत्रकारियों, उकसाने वालों और अपराधियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध करा दिए हैं। "
उन्होंने उम्मीद जताई कि मुंबई हमलों के संबंध में पाकिस्तान लश्कर-ए-तैयबा के सरगनाओं पर मुकदमा चलाएगा। समग्र वार्ता आरंभ करने के लिए भारत को संतुष्ट करने हेतु पाकिस्तान को यह पहल करनी होगी।
चार महीने पहले विदेश मंत्री बनने वाले कृष्णा का अपने गृहनगर में यह पहला संवाददाता सम्मेलन था।
उन्होंने कहा, "हमारे पास मुंबई हमले में शामिल आतंकवादियों के नाम हैं और हमने उन्हें पाकिस्तान को भेजा है। यह स्वाभाविक है कि पाकिस्तान को उन्हें गिरफ्तार करके सजा देनी चाहिए। "
उल्लेखनीय है कि मुंबई पर 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकवादी हमले के संबंध में भारत ने पाकिस्तान को साक्ष्यों के छह दस्तावेज सौंपे हैं। लश्कर सरगना हाफिज सईद को मुंबई हमले का प्रमुख सूत्रधार माना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications