आरोपी कनाडाई नेता के वाहन चलाने पर रोक
टोरंटो, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। कनाडा के टोरंटो शहर के एक व्यस्त इलाके में बेलगाम गाड़ी चलाकर एक साइकिल चालक को मौत के मुंह में धकेलने के आरोपी एक शीर्ष नेता के गाड़ी चलाने से प्रतिबंधत लगा दिया गया है और उन्हें अपना पासपोर्ट पुलिस को सौंपने का आदेश दिया गया है।
कनाडा के सबसे प्रभावशाली प्रांत ओंतारियो के एटर्नी जनरल रहे माइकल ब्रायंट पर यातायात अनुशासन की धज्जियां उड़ाते हुए एक साइकिल चालक को मौत के मुंह में धकेलने का आरोप है। एटर्नी जनरल का पद भारत के गृह मंत्री के समकक्ष माना जाता है।
उन्होंने 33 वर्षीय डर्सी एलन शेपर्ड नामक कूरियर कर्मचारी की साइकिल में कथित तौर पर टक्कर मारी। एलन जख्मी होने के बावजूद ब्रायंट की गाड़ी से लटक गए और ब्रायंट से बहस करने लगे। एलन से पिंड छुड़ाने के लिए ब्रायंट ने न सिर्फ गाड़ी को तेज गति में आड़े-तिरछे चलाया, बल्कि कथित तौर पर जानबूझ कर एलन को सड़क के किनारे लगे ख्ांभों से टकराया। इससे एलन की मौत हो गई।
ब्रायंट ने सोमवार रात हिरासत में वक्त गुजारा। ब्रायंट अपनी पत्नी के साथ शादी की सालगिरह मनाकर मौज-मस्ती के मूड में लौट रहे थे। एक प्रत्यक्षदर्शी का दावा है कि ब्रायंट ने एलन से पिंड छुड़ाने के लिए उन्हें जान-बूझ कर मौत के मुंह में धकेला।
ब्रायंट को इस मामले की सुनवाई पूरी होने तक गाड़ी चलाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें अपना पासपोर्ट सौंपने और भविष्य में अपने पते में होने वाले किसी भी बदलाव से पुलिस को अवगत कराने का निर्देश दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications