आईएसएस के करीब से गुजरा रॉकेट के मलबे का टुकड़ा
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार यूरोपीयन एरीन-5 रॉकेट आईएसएस के 1.3 किलोमीटर के दायरे से भी कम दूरी से गुजर गया। हालांकि वह आईएसएस या चालक दल के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने की स्थिति में नहीं था।
नासा के प्रवक्ता ने बताया, "उड़ान नियंत्रक दल लगातार मलबे पर नजर रखे हुए है लेकिन इसके बावजूद वह टुकड़ा गुजरा और उससे ग्रह पथ के लिए कोई चिंता की बात नहीं है।"
नासा कई दिन से 17 वर्गमीटर के इस टुकड़े पर नजर रखे थी। एजेंसी के अनुसार हालांकि यह टुकड़ा काफी विशाल था लेकिन इससे अंतरिक्ष केंद्र या अंतरिक्ष यात्रियों को कोई खतरा नहीं था और कोई कार्ययोजना टाली नहीं गई।
रॉकेट के इस टुकड़े से गुरुवार को अंतरिक्ष यात्रियों की अंतरिक्ष में चहलकदमी पर भी असर नहीं पड़ा। इसी चहलकदमी के दौरान डिस्कवरी के दो अंतरिक्ष यात्रियों ने प्रशीतन प्रणाली में नया अमोनिया टैंक लगाया था।
गौरतलब है कि अंतरिक्ष में मौजूद कचरे के खतरे का आए दिन आईएसएस को सामना करना पड़ता है। अक्सर उसे हिलाना पड़ता है या फिर उसमें मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों को खतरे के टल जाने तक एक कैप्सूल की शरण लेनी पड़ती है। गत मार्च में चीन के एक रॉकेट के कबाड़ के टुकड़े की टक्कर से बचाने के लिए आईएसएस को 180 डिग्री घुमाना पड़ा था।
यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार अंतरिक्ष पुराने रॉकेटों के मलबे के ऐसे करीब 13,000 टुकड़े हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications