नेपाल में भारतीय पुजारियों पर हमले की निंदा
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने बेंगलुरू में संवाददाताओं से कहा, "हम माओवादियों द्वारा पुजारियों पर किए गए हमले से अवगत हैं और नेपाल सरकार के संपर्क में हैं। "
उन्होंने बताया, "हमें सूचना मिली है कि मंदिर के चारों ओर सुरक्षा कड़ी की गई है और हमले के शिकार दोनों पुजारियों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई गई है।"
नई दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि काठमांडू में भारतीय राजदूत राकेश सूद ने यह मुद्दा नेपाल सरकार के समक्ष उठाया।
उल्लेखनीय है कि लोहे की छड़ों से लैस माओवादियों के एक समूह ने शुक्रवार को भारतीय पुजारियों पर हमला किया था। हमलावरों ने उनके कपड़े फाड़ डाले थे और उनके पवित्र जनेऊ भी तोड़ दिए थे।
पशुपतिनाथ मंदिर में केवल दक्षिण भारत से ही पुजारी बनाने की 800 वर्ष पुरानी परंपरा के तहत नियुक्त गिरीश भट्ट और राघवेंद्र भट्ट इस महीने कर्नाटक से काठमांडू गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications