स्वाइन फ्लू से मृतकों की संख्या 116 हुई (राउंडअप)
कर्नाटक के बेंगलुरू में चार लोगों ने और गुजरात के अहमदाबाद एक व्यक्ति ने इस बीमारी से दम तोड़ दिया।
स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार शुक्रवार को 124 नए मामले सामने आए। इनमें से तमिलनाडु 33, महाराष्ट्र 21, केरल 2, हरियाणा 1, गोवा 1, पश्चिम बंगाल 1, उत्तराखंड 1, जम्मू कश्मीर 1, उत्तर प्रदेश 30 शामिल हैं।
कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से चार और लोगों की मौत हो जाने से राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है।
प्रदेश के स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि चारों मौतें बेंगलुरू में हुई हैं। 38 वर्षीय एक महिला की मंगलवार को सरकारी अस्पताल में मौत हो गई थी। इसके अलावा 27, 41 और 31 वर्ष के तीन पुरुषों की मौतें क्रमश: बुधवार, रविवार और मंगलवार को हुईं।
अधिकारी ने बताया कि इन चारों के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि गुरुवार को आई परीक्षण रिपोर्ट से ही हुई।
इस बीच गुरुवार को 18 और लोगों में स्वाइन फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्य में इससे संक्रमित लोगों की संख्या 536 तक पहुंच गई है। संक्रमण के सभी 18 मामले बेंगलुरू के हैं।
दिल्ली में शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के 50 नए मामले सामने आए हैं जिनमें 24 बच्चे शामिल हैं। यहां पीड़ितों की संख्या अब 772 हो गई है।
दिल्ली में राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती एक मरीज की हालत गंभीर है, उसे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।
दिल्ली की स्वास्थ्य मंत्री किरण वालिया ने कहा कि 50 नए मामलों में 24 बच्चे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब फ्लू पीड़ितों की संख्या बढ़कर 772 हो गई है जिसमें से 681 स्वस्थ हो चुके हैं।
वालिया ने लोगों से अपील की फ्लू लक्षण दिखने पर तत्काल डाक्टर को दिखाएं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications