मायावती का अब देवी रूप में चित्रण
फैजाबाद विश्वविद्यालय में फाइन आर्ट्स से परास्नातक कर रहे कलाकार महेश त्रिपाठी ने अपने चित्रों में मायावती को देवी के रूप में दर्शाया है। लखनऊ स्थित राज्य ललित कला अकादमी में इन चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई है।
25 वर्षीय त्रिपाठी कहते हैं, "पिछले कुछ समय में मायावती ने गरीबों के लिए बहुत काम किया है। मेरा यकीन है कि निकट भविष्य में वह एक देवी का दर्जा पाने में सक्षम होंगी।"
त्रिपाठी के चित्रों में मायावती को अलग-अलग देवियों के रूप में देखा जा सकता है। 'दलित देवी' शीर्षक वाले एक ऐसे ही चित्र में मायावती को नीले ध्वज के साथ आशीर्वाद देते हुए चित्रित किया गया है।
राज्य के सिद्धार्थनगर जिले के रहने वाले त्रिपाठी कहते हैं कि गुरू नानक और ईसा मसीह की तरह मायावती भी दलितों के हितों के लिए समर्पित हैं। इस तथ्य को ध्यान में रखकर उन्होंने उन्हें दलित की देवी के रूप में चित्रित किया।
एक अन्य चित्र में देवी लक्ष्मी की तर्ज पर मायावती को सुख, समृद्धि और शांति की देवी की रूप में चित्रित किया गया है। उनके वाहन के रूप में दो हाथियों को भी इसमें दिखाया गया है।
अपने चित्रों में मायावती को महिमामंडित करने वाले त्रिपाठी ने साफ किया कि उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है। वह कहते हैं, "कई लोगों को लगता होगा कि देवी रूपों में चित्रित करके मैंने मायावती को खुश करने की कोशिश की होगी तो मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरा राजनीति में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है। मैं मायावती से इसलिए प्रभावित हूं कि वह अनगिनत मुश्किलों का सामना करके उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य की मुख्यमंत्री बनीं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications