म्यांमार की अदालत में सू ची की याचिका स्वीकार
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक सू ची के एक वकील न्यान विन ने कहा, "यंगून की एक प्रभागीय अदालत ने हमारी याचिका स्वीकार कर ली है। 18 सितम्बर को इसकी सुनवाई होगी।" सू ची के लिए उनके वकीलों ने गुरुवार को यह याचिका दायर की थी।
पिछले 11 अगस्त को यंगून के इनसेइन जेल में गठित की गई एक विशेष अदालत ने सू ची को नजरबंदी की शर्तो की अवमानना का दोषी पाया था और उन्हें सश्रम तीन वर्षो की कैद की सजा सुनाई थी। म्यांमार के सैन्य प्रमुख वरिष्ठ जनरल थान श्वे ने हालांकि उनकी इस सजा को घटाकर 18 महीने का कर दिया था।
दरअसल सू ची ने 3 मई को अमेरिकी नागरिक जॉन विलियम येट्टाव को अपने निवास परिसर में स्थित एक झील स्थल पर तैरने की इजाजत दी थी। येट्टाव वहां 5 मई तक बगैर आमंत्रण के रुका भी। उसने सू ची को यह चेतावनी भी दी थी कि उसकी हत्या की जा सकती है। अदालत ने इसी मामले में सू ची को दोषी पाया और उन्हें सजा सुनाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications