उरुम्की में सिरिंज हमलों पर आक्रोश बरकरार, सुरक्षा बढ़ी
शहर में न सिर्फ जमीनी, बल्कि हवाई निगरानी भी बढ़ा दी गई है। शुक्रवार सुबह से कई हेलीकाप्टरों को निगरानी के मिशन पर लगाया है। इस साल पांच जुलाई को यहां हुए दंगों में 197 लोगों की मौत की याद अभी भी ताजा है, ऐसे में प्रशासन सुरक्षा चौकसी में कोई कसर छोड़ना नहीं चाहता।
शहर के लोग हालात को लेकर चिंतित हैं। चीनी संवाद एजेंसी सिन्हुआ से बातचीत करते हुए एक स्थानीय निवासी गुआंगमिंग कहते हैं, "हमने खाने की सामग्री इकट्ठा कर ली है। कौन जानता है, यह माहौल कब तक बना रहे? यहां अगले पल क्या होगा, कहा नहीं जा सकता।"
कड़ी सुरक्षा के बीच लोग बाजार में जरूरी सामान खरीद रहे हैं। लोग खाद्य सामग्रियां इकट्ठा करने में जुटे हैं। चायना लाइफ इंश्योरेंस कंपनी की जिनजियांग शाखा में काम करने वाले तांग कहते हैं, "समझ में नहीं आ रहा कि काम पर जाऊं या नहीं। माहौल अच्छा नहीं है।"
कपड़ा व्यापारी 28 वर्षीय चेन उन लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने सिरिंज हमलों के खिलाफ बंद में भाग लिया। वह कहते हैं, "लोग हताश और दुखी हैं। ऐसे माहौल में मैं काम कैसे कर सकता हूं?"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications