रेड्डी की मौत के बाद आंध्र प्रदेश शोक में डूबा
मुख्यमंत्री कार्यालय और गांधी भवन में रेड्डी के चाहने वाले विलाप करते देखे गए। कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने बिलखते हुए कहा, "वह मेरे भगवान हैं। मैं यह नहीं मान सकता है वह अब जीवित नहीं हैं।"
एक अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता ने कहा, "उन्होंने राज्य में गरीबों के लिए राजीव आरोग्यश्री योजना के जरिए ढेर सारे लोगों को जीवन दिया। कोई सोच भी नहीं सकता कि उनके जीवन का अंत इस तरह होगा।"
रेड्डी को ले जा रहा हेलीकाप्टर लापता होने के 24 घंटे बाद गुरुवार को कुर्नूल जिले घने जंगलों में एक पहाड़ पर मिला। हेलीकाप्टर में रेड्डी के साथ उनके विशेष सचिव पी. सुब्रमण्यम, मुख्य सुरक्षा अधिकारी ए. एस. सी. वेसले और दो चालक ग्रुप कैप्टन एस. के. भाटिया व कैप्टन एम. एस. रेड्डी भी सवार थे। सभी शव बरामद कर लिए गए हैं।
गौरतलब है कि रेड्डी का हेलीकाप्टर बुधवार सुबह 8.35 बजे हैदराबाद से रवाना हुआ था और सुबह 9.45 बजे हेलीकाप्टर का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications