स्विस नागरिकों को रिहा करे लीबिया : स्विट्जरलैंड
जेनेवा, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड सरकार ने लीबिया से आग्रह किया है कि वह द्विपक्षीय समझौते के तहत अपने यहां हिरासत में लिए गये दोनों स्विस नागारिकों को रिहा कर दे। यह जानकारी स्विस इंफो डॉट सीएच न्यूज वेबसाइट के हवाले से दी गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक स्विट्जरलैड के राष्ट्रपति हेंस-रूडोल्फ मर्ज और विदेश मंत्री मैकेलाइन कैमी रे ने एक वक्तव्य जारी कर लीबिया से कहा, "सरकार लीबिया के साथ अच्छे संबंध चाहती है। मौजूदा कठिन हालात में दोनों तरफ से प्रयास की जरूरत है।"
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति मर्ज ने कहा है कि सरकार लगातार लीबिया से आग्रह कर रही है कि वह 12 महीनों से हिरासत में रखे गए दोनों स्विस व्यापारियों लीबिया छोड़ने की अनुमति दे। कथित आव्रजन उल्लंघन के कारण उन्हें लीबिया छोड़ने से रोक दिया गया था।
गौरतलब है कि लीबिया के प्रधानमंत्री अल-बगदादी अली अल महमूदी ने मर्ज को आश्वासन दिया था कि दोनों स्विस व्यापारियों को एक सितंबर तक वापस लौटने की अनुमति दे दी जायेगी लेकिन यह अनुमति अभी तक नहीं दी गई है।
इंडो एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications