महिलाओं ने की 'अनाज बैंक' की स्थापना

ग्रामीण महिलाओं ने अब तक इस अनाज बैंक में एक क्विंटल अनाज इकट्ठा कर लिया है। प्रोत्साहन स्वरूप दिल्ली की संस्था एक्शन एड ने दो क्विं टल अनाज दिया है।

यह अनूठी पहल महोबा जनपद के चरखारी तहसील के अर्न्तगत चंदौली गांव की महिला पानकुंवरि की अगुवाई में की गई है। गांव की पांच महिलाओं ने एक समूह बना कर ग्राम आपदा कोष की तर्ज पर अनाज बैंक की स्थापना की है। शुरुआत में तो इस मुहिम में पांच महिलाएं थीं, पर इनकी संख्या बढ़कर 10 तक पहुंच गई है।

पानकुंवरि ने बताया, "सम्पन्न व धनाड्य वर्ग के लोगों से अनाज इकट्ठा कर बुन्देलखण्ड क्षेत्र में गरीबी व भुखमरी से जूझ रहे बेहाल परिवारों को अनाज मुहैया कराया जाएगा।"

महिलाओं की यह पहल बुन्देलखण्ड में चर्चा का विषय बनी हुई है। माना जा रहा है कि इस पहल से साहूकरों व महाजनों के शोषण से लोगों को मुक्ति मिलेगी। चंदौली गांव में 2100 लोग निवास करते हैं। इनमें से 663 लोग अनुसूचित जाति के हैं। इस गांव का दैवीय आपदा व सूखे से पांच वर्षो से गहरा नाता है। ज्यादातर मेहनतकश मजदूर गांव से बड़े शहरों को पलायन कर गए हैं।

इस गांव के लोग दो वक्त की रोटी के लिए मोहताज हैं। हालात भांप कर गांव के साहूकार मजबूर लोगों को डेढ़ और दोगुने की सवाई पर अनाज उधार देते हैं। इन्हीं सब के मद्देनजर चंदौली गांव की पानकुंवरि की अगुवाई में ग्रामीण महिलाओं ने कृति शोध संस्थान के ग्राम आपदा कोष की तर्ज पर 'अनाज बैंक' की स्थापना की है।

पानकुंवरि के अलावा इस अनाज बैंक में माना देवी, रामप्यारी, सुमन देवी, मुलिया देवी, कैलशिया, श्याम बाई, विमला प्रजापति, आशारानी व राजबाई सदस्य हैं।

अनाज बैंक के अपने कुछ नियम भी हैं। पानकुंवरि बताती हैं कि बैंक नियमावली के मुताबिक दो से पांच एकड़ के भू-स्वामी को दिया जाने वाला अनाज सवाई के साथ वापस लिया जाएगा। जबकि दो एकड़ से नीचे के भू-स्वामी से बिना किसी सवाई के अनाज वापस लिया जाएगा।

तीसरे स्तर पर भूमिहीन असहाय को रखा गया है। ऐसे लोगों को मुफ्त अनाज दिया जाएगा। अनाज वापस न दे पाने पर सदस्य महिलाएं आपस में उसकी भरपाई करेंगी। आत्महत्या करने वाले किसान नरेन्द्र की बहन रेखा, असहाय विधवा महिला झरोखन पासवान व कुसमा रानी को अनाज बैंक की ओर से 20-20 किलोग्राम अनाज की सहायता दी गई है। महिलाओं की यह पहल जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों के लिए एक नसीहत है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

**

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+