अब बिहार में ही होगी स्वाइन फ्लू नमूने की जांच
आरएमआरआईएमएस के निदेशक डॉ. प्रदीप दास ने गुरुवार को बताया कि अब स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए दिल्ली या पुणे नहीं भेजे जाएंगे। यहां जांच रिपोर्ट 24 घंटे के अंदर ही मिल जाएगी।
उन्होंने कहा कि पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) को नमूने के संग्रह के लिए नोडल सेंटर बनाया गया है। जांच का जिम्मा संस्थान के दो चिकित्सकों का होगा जो हाल में भी पुणे से प्रशिक्षित होकर लौटे हैं। उन्होंने कहा कि इसकी सूचना केन्द्र सरकार को भी भेज दी गई है।
प्रदेश में गुरुवार को स्वाइन फ्लू का एक भी संदिग्ध मरीज सामने नहीं आया। पटना में गुरुवार को दो व्यक्ति जांच के लिए आए थे परंतु स्क्रीनिंग के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया।
राज्य में अब तक 10 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं जिसमें से नौ की जांच रिपोर्ट आ गई है। अब तक एक मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग के डॉ़ विजय कुमार ने गुरुवार को बताया कि आज दो व्यक्ति स्वाइन फ्लू की जांच के लिए यहां आए थे जिनमें स्वाइन फ्लू का कोई भी लक्षण नहीं दिखाई दिया जिस कारण स्क्रीनिंग के बाद दोनों को वापस भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि इनमें एक व्यक्ति जहां दिल्ली का रहने वाला था वहीं एक व्यक्ति पटना का बताया जाता है।
इधर, पीएमसीएच के स्वाइन फ्लू वार्ड के को-आर्डिनेटर डॉ़ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यहां से अब तक राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान (एनआईसीडी) 10 नमूने भेजे गए हैं जिसमें से नौ नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गयी है। इसमें सिर्फ एक मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। सिंह के मुताबिक 20 अगस्त को भेजे गए एक नमूने की जांच रिपोर्ट अब तक नहीं आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications