भारत ने आर्थिक संरक्षणवाद समाप्त करने पर जोर दिया
153 सदस्यीय विश्व व्यापार संगठन(डब्ल्यूटीओ) के सदस्य देशों के वाणिज्यिक मंत्रियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने कहा कि अभी भी कुछ देश संरक्षणवाद की नीति पर चल रहे हैं। 40 देशों के वाणिज्य मंत्रियों की शिरकत वाली इस बैठक में उन्होंने कहा, "हमें दोहा वार्ता चक्र की समय सीमा को लेकर चौकस रहने की जरूरत है। यह समय सीमा 2010 में समाप्त हो जाएगी। हमें अभी से ही वैश्विक बहुपक्षीय वार्ताओं को सफल बनाने के किए प्रयासरत रहना होगा।"
शर्मा ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि अंतर्राष्ट्रीय बिरादरी विश्व व्यापार वार्ताओं की सफलता को लेकर गंभीर है और यही वजह है कि हम अतीत में इस मसले पर वाशिंगटन, लंदन, बाली, सिंगापुर आदि शहरों में बातचीत कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि संरक्षणवाद की नीति ऐसी वार्ताओं की सफलता की राह में रोड़ा रही है। हमें इससे मुक्त होना पड़ेगा। इससे पहले डब्ल्यूटीओ के महानिदेशक पास्कल लैमी ने भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ( फिक्की) द्वारा आयोजित एक सम्मेलन में कहा कि हाल में कुछ देशों द्वारा उठाए गए आर्थिक कदमों से अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर असर पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications