इंडोनेशिया में भूकंप: मृतकों की संख्या 57 हुई (लीड-3)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार भूकंप प्रभावित इलाकों में गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र और इंडोनेशिया सरकार ने अपने-अपने दल भेजे हैं। अभी भी बड़ी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहतकर्मी मलबे में दबे 42 लोगों को खोज रहे हैं लेकिन उन्हें अभी तक सफलता नहीं मिली है।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने अपनी वेबसाइट पर मृतकों की संख्या 57 बताई है। पश्चिमी जावा आपदा राहत समन्वय एजेंसी के एक अधिकारी ने कहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
अधिकारियों के अनुसार पश्चिमी जावा में 30,000 से अधिक मकान तबाह हो गए और 13,000 से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। भूकंप की वजह से सिंजूर जिले में भूस्खलन की भी खबर है। यहां कम से कम 42 लोग इमाारतों के मलबे में दब गए। भूकंप से 302 मस्जिदों और 359 विद्यालय भवनों को क्षति पहुंची है।
इंडोनेशियाई स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भूकंप में 422 लोग घायल हो गए। प्रभावित लोगों की सहायता के लिए संयुक्त मानवीय सहायता मामलों की समन्वय समिति ने पश्चिमी जावा में एक दल भेजा है। दल में विश्व खाद्य कार्यक्रम और फिल्ड सपोर्ट विभाग के विशेषज्ञ शामिल हैं।
पश्चिमी जावा में जुलाई 2006 में भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए थे, जिसमें 600 से अधिक लोग मारे गए थे और 10,000 से अधिक लोग बेघर हो गए थे। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.7 मापी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications