रेड्डी की मौत पर हस्तियों ने जताया शोक (लीड-1)
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल : "डॉ. वाई. एस. राजशेखर रेड्डी एक प्रगतिशील मुख्यमंत्री थे जिन्होंने हमेशा आंध्र प्रदेश के लोगों की बेहतरी के लिए काम किया। मेरी उनसे कई मौकों पर मुलाकात हुई। वह आंध्र प्रदेश, ग्रामीण इलाकों और समाज के कमजोर तबके के विकास और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध थे।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह : "वाईएसआर की मौत मेरे लिए निजी क्षति है। वह जनता, सहकर्मियों और आम आदमी द्वारा समान रूप से पसंद किए जाने वाले नेता थे। उनकी मौत से उत्पन्न शून्य कभी नहीं भर सकेगा। उनकी मौत उनके जीवन की तरह ही आंध्र प्रदेश और देश की जनता की सेवा में हुई। उनकी आकस्मिक मौत से आंध्र प्रदेश ने अपना बेमिसाल नेता और देश ने एक ऐसा आदर्श मुख्यमंत्री खो दिया है जो अन्य राज्यों के लिए आर्दश था। मैंने एक कीमती सहकर्मी खो दिया है जिन पर मैं समर्थन और विचारों के लिए निर्भर रहता था।"
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी : "वाईएसआर एक समर्पित कार्यकर्ता और उत्कृष्ट व मेहनती नेता थे। उन्होंने समाज के सभी वर्गो का विकास किया। उनके योगदान को आंध्र प्रदेश की जनता हमेशा याद रखेगी।"
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार : "रेड्डी जाने-माने सांसद, कुशल प्रशासक, चहुंमुखी विकास के लिए प्रयास करने वाले मुख्यमंत्री और करिश्माई जन नेता के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने समावेशी विकास से लेकर समतावादी समाज के निर्माण जैसे उदात्त मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और अटूट लगन की बदौलत राज्य एवं राष्ट्र की राजनीति में अपनी खास पहचान बना ली थी।"
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी : "वाईएसआर के निधन से मैं बहुत दुखी हूं। वह बहुत ही मेहनती, ऊर्जावान और समर्पित नेता थे। आंध्र प्रदेश ने एक प्रगतिशील नेता खो दिया। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ईश्वर से कामना करता हूं कि वह शोक संतप्त परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी : "आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के बारे में यह जानकर मुझे बेहद दुख पहुंचा है कि उनकी हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई है। वह एक लोकप्रिय नेता थे। उनके निधन से आंध्र प्रदेश और देश ने बहुत ही योग्य और लोकप्रिय जननेता खो दिया है।"
रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी : "राष्ट्र ने जनता का नेता और आंध्र प्रदेश की जनता ने माटी का सच्चा सपूत खो दिया।"
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य : "रेड्डी की मौत ने मुझे अंदर से हिला दिया है। मेरे उनके साथ बहुत अच्छे रिश्ते थे। वह मेरे अच्छे दोस्तों में से थे।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित : "वह एक कुशल प्रशासक और समर्पित नेता थे। आम आदमी के लिए चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए वह कड़ी मेहनत करते थे। उनके निधन से आंध्र प्रदेश और देश ने एक लोकप्रिय नेता खो दिया। यह अपूरणीय क्षति है।"
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल : "रेड्डी एक सभ्य राजनीतिज्ञ, शानदार व्यक्ति और आम जनता से जुड़े हुए आदमी थे।"
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि : "मौत की खबर सुनकर रेड्डी के सकुशल होने की मेरी आशा खत्म हो गई। उन्होंने पहले एक चिकित्सक के रूप में लोगों की सेवा की और बाद में मुख्यमंत्री के रूप में नए मानदंड स्थापित किए।"
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह : "हम सभी शोक संतप्त हैं। रेड्डी की आकस्मिक मौत ने आंध्र प्रदेश व देश की राजनीति में एक शून्य उत्पन्न कर दिया है। वह माटी के लाल थे। उन्होंने हमेशा गरीबों के लिए काम किया और सुशासन के लिए जाने गए।"
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन : "यह एक भारी क्षति है। वह प्रगतिशील मुख्यमंत्री थे। वह राज्य और कांग्रेस के प्रभावशाली और सफल नेता थे। वह बेहद व्यावहारिक थे और हमेशा विशिष्ट लक्ष्य पूरे करना चाहते थे। वह हमेशा सक्रिय रहते थे।"
भारत में अमेरिका के राजदूत टिमोथी जे. रोमर : "मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी भारत-अमेरिका मित्रता और द्विपक्षीय संबंधों के प्रबल समर्थक थे। यह बात आंध्र प्रदेश और अमेरिका के लोगों के बीच स्थापित मजबूत आर्थिक व पारिवारिक रिश्तों में दिखाई देती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications