हेलीकॉप्टर दुर्घटना में रेड्डी की मौत, पूरा देश स्तब्ध (लीड-3)
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने नई दिल्ली में आईएएनएस को बताया, "शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्हें पोस्टमार्टम के लिए हैदराबाद ले जाया जाएगा।" उन्होंने यह बात कुर्नूल से बेल हेलीकॉप्टर का मलबा बरामद होने के कुछ देर बाद कही।
हेलीकॉप्टरों, तलाशी दस्तों और ग्रामीणों ने पूरा दिन और पूरी रात बारिश में हेलीकॉप्टर की खोज-बीन जारी रखी और आखिरकार वह क्षतिग्रस्त हालत में कुर्नूल से 40 नॉटिकल मील की दूरी पर मिला।
गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने नई दिल्ली में रेड्डी की मौत की आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर कई टुकड़ों में बिखर गया और शव बुरी तरह झुलस गए।
राज्य के मुख्य सचिव पी. रमाकांत ने कहा, "ऐसा लगता है कि खराब मौसम और बादलों के सामने आ जाने की वजह से हेलीकॉप्टर निर्धारित मार्ग से भटक गया और एक पहाड़ की चोटी से जा टकराया।"
60 वर्षीय रेड्डी हैदराबाद से 588 किलोमीटर दूर चित्तूर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। तभी खराब मौसम के कारण सुबह 9.30 बजे नल्लामल्ला वनक्षेत्र में उनका हेलीकॉप्टर लापता हो गया था।
गत मई में आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को लगातार दूसरी बार विजय दिलाने वाले रेड्डी के साथ हेलीकॉप्टर में उनके विशेष सचिव पी. सुब्रह्मण्यम, मुख्य सुरक्षा अधिकारी ए. एस. सी. वेसले और ग्रुप कैप्टन एस. के. भाटिया व कैप्टन एम. एस. रेड्डी भी सवार थे।
दुर्घटना में किसी के जीवित न बचने की खबर मिलते ही आंध्र प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री कार्यालय और गांधी भवन में रेड्डी के चाहने वाले विलाप करते देखे गए। कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने बिलखते हुए कहा, "वह मेरे भगवान हैं। मैं यह नहीं मान सकता है वह अब जीवित नहीं हैं।"
एक अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता ने कहा, "उन्होंने राज्य में गरीबों के लिए राजीव आरोग्यश्री योजना के जरिए ढेर सारे लोगों को जीवन दिया। कोई सोच भी नहीं सकता कि उनके जीवन का अंत इस तरह होगा।"
केंद्रीय विधि मंत्री एम. वीरप्पा मोइली और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण बुधवार शाम ही हैदराबाद चले गए थे। वह पार्टी नेतृत्व को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते रहे।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रेड्डी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विरासत बहुत से अन्य लोगों के लिए प्रेरणादायी रहेगी। रेड्डी की पत्नी विजय लक्ष्मी को भेजे शोक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, "वाईएसआर की मौत मेरे लिए निजी क्षति है।"
रेड्डी के निधन पर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
उनके परिवार में पत्नी विजयलक्ष्मी, सांसद पुत्र वाई.एस. जगमोहन रेड्डी और पुत्री शर्मिला हैं जो सुबह बेंगलुरू से अपने बच्चों के साथ हैदराबाद पहुंच गई थीं और राहत कार्यो में जुटे अधिकारियों के संपर्क में थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications