रूसी और भारतीय राष्ट्रपति आर्थिक एवं परमाणु मसलों पर बातचीत करेंगे
मास्को, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल एवं रूस के राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के बीच गुरुवार को होने वाली बातचीत के एजेंडे में अर्थव्यवस्था, विज्ञान, परमाणु विद्युत क्षेत्र एवं अंतरिक्ष उद्योग से जुड़े मसले शामिल होंगे।
रूसी सत्ता केंद्र क्रेमलिन एक सूत्र ने संवाद एजेंसी आरआईए नोवोस्ती को बताया कि दोनों नेता द्विपक्षीय सहयोग के दायरे को और बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। पाटिल रूसी राष्ट्रपति के न्योते पर यहां बुधवार को पहुंची। वह 6 सितंबर को रूस से रवाना होंगी। सूत्र ने बताया कि दोनों नेता कई अंतर्राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मसलों पर भी बातचीत करेंगे।
भारत और रूस के रिश्ते प्रगाढ़ रहे हैं। रूस भारत के सर्वाधिक विश्वसनीय मित्रों में से एक है। खासकर, रक्षा, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष उद्योग में दोनों का रिश्ता काफी मजबूत रहा है। पिछले साल भारत में रूसी वर्ष मनाया गया था, वहीं इस साल रूस में भारतीय वर्ष मनाया जा रहा है। एक आंकड़े के मुताबिक वर्ष 2005 से लेकर अब तक द्विपक्षीय व्यापार में 30 फीसदी का इजाफा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications