ऑस्कर ने बदली सर्वश्रेष्ठ फिल्म के चयन की मतदान प्रक्रिया
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक सर्वश्रेष्ठ फिल्मों के लिए नामांकनों की संख्या पांच से बढ़ाकर 10 कर दी गई है। इन फिल्मों से सर्वश्रेष्ठ का चुनाव 'अधिमान्य मतदान प्रणाली' के आधार पर किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत अकादमी के सदस्य अपनी पंसद की फिल्मों को एक क्रम में रखेंगे।
अकादमी के अध्यक्ष टॉम श्रेक ने कहा, "अपनी पसंदीदा सर्वश्रेष्ठ फिल्म को दिखाने के लिए उस पर एक्स का चिन्ह लगाने के साथ सदस्य अपनी दूसरी, तीसरी व अन्य पसंदीदा फिल्मों के बारे में बताएंगे।"
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के उपयोग से कुल 5,800 मतों में से 580 से कुछ अधिक वोट हासिल कर अवार्ड जीतने वाली फिल्म को रोका जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नई प्रक्रिया से चयनित सर्वश्रेष्ठ फिल्म को मतदाताओं के बहुमत का मजबूत समर्थन प्राप्त होगा।
1945 के बाद से अकादमी ने अधिमान्य चयन प्रक्रिया का उपयोग नहीं किया था। इसके दो साल बाद सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए नामांकनों की संख्या 10 से घटाकर पांच कर दी गई थी। ऑस्कर की अन्य श्रेणियों में मतदान प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications