कनाडियाई राजनीतिज्ञ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
टोरंटो, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। कनाडाई प्रांत ओंतारियो के पूर्व एटर्नी जनरल माइकल ब्रायंट के खिलाफहत्या का मामला दर्ज किया गया है। उन पर खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाकर एक साइकिल चालक को मौत के मुंह में धकेलने का आरोप है। सोमवार की रात हुई इस घटना ने शहर के लोगों की संवेदना को झकझोर कर रख दिया है।
43 वर्षीय ब्रायंट देश के सर्वाधिक प्रभावशाली प्रांत ओंतारियो के एटर्नी जनरल रह चुके हैं। यह पद भारत के गृहमंत्री के समकक्ष होता है। कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में निवेश को आकर्षित करने के लिए ब्रायंट ने एटर्नी जनरल का पद त्यागकर इनवेस्ट टोरंटो के सीईओ पद को संभाला था।
एटर्नी जनरल के पद पर रहते हुए उन्होंने उन लोगों की खबर ली थी जो आपराधिक तरीके से गाड़ियां चलाते हैं, पर सोमवार की रात उन्होंने खुद कानून को ताक पर रखकर एक ऐसा गुनाह किया जिसे लोग भूल नहीं पाएंगे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने एक स्थानीय चैनल को बताया कि ब्रायंट बेलगाम होकर गाड़ी चला रहे थे। वह गलत दिशा में गाड़ी चला रहे थे। एक साइकिल सवार उनकी गाड़ी की जद में आ गया।
साइकिल चालक डार्सी एलन को उन्होंने टक्कर मार दी। जख्मी एलन हिम्मत जुटाकर ब्रायंट की गाड़ी से लटककर ब्रायंट से बहस करने लगा। ब्रायंट ने गाड़ी की गति खतरनाक तरीके से बढ़ा दी और एलन गाड़ी के साथ घिसटने लगा। ब्रायंट ने उससे पिंड छुड़ाने के लिए उसे एक हाथ से धक्का भी दिया। सड़क पर एलन कई चीजों से टकराया और ब्रायंट ने उससे पिंड छुड़ाने के लिए जानबूझ कर उसे कई चीजों से टक्कर दी। गाड़ी के साथ घिसट रहे एलन की तब मौत हो गई जब वह सड़क के किनारे स्थित एक मेलबॉक्स से टकरा गया और ब्रायंट की गाड़ी के पिछले पहिये उसके ऊपर से गुजर गए।
प्रत्यक्षदर्शी ने मीडिया को बताया, "बेरहमी का ऐसा नजारा मैंने कभी नहीं देखा था। ब्रायंट ने जानबूझ कर इस व्यक्ति की जान ली।" एलन एक कूरियर कंपनी में काम करता था। ब्रायंट नौ अक्टूबर को कोर्ट में पेश होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications