मध्य प्रदेश के चीनी व्यापारियों ने मंत्री को बताई दिक्कतें
प्रदेश में अब तक 55 हजार क्विंटल से अधिक चीनी लायसेंस प्रणाली लागू किए जाने के बाद बरामद की जा चुकी है। व्यापारियों की परेशानियोंको जानने और उनके निराकरण के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर पारस जैन ने बुधवार को बैठक बुलाई। इस बैठक में प्रदेश के सभी संभागों से पांच पांच व्यापारियों ने हिस्सा लिया ।
बैठक में पहुंचे व्यापारियों में सबसे ज्यादा गुस्सा इस बात को लेकर था कि उन्हे बेवजह जमाखोर ठहराया जा रहा है। साथ ही उनका कहना था कि आवेदन करने के बावजूद लायसेंस उन्हें नहीं मिल रहे है और उन पर कार्रवाई की जा रही है ।
भोपाल शक्कर एसोसिएशन के अध्यक्ष कुन्दनलाल भुरानी का कहना है कि वे सरकार द्वारा बनाए गए हर नियम का पालन करने को तैयार है परन्तु नियमों की आड़ में व्यापारियों को परेशान किया जाना किसी भी सूरत में ठीक नही है। चीनी के लिए अमल में आई लायसेंस प्रणाली के नाम पर व्यापारियों को सिर्फ परेशान ही किया जा रहा है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री पारस जैन ने आईएएनएस से चर्चा करते हुए कहा कि शक्कर के भाव बेलगाम होने के लिए केन्द्र सरकार जिम्मेदार है। प्रदेश सरकार के लायसेंस प्रणाली के लागू किए जाने से व्यापारियों को हो रही परेशानियों पर चर्चा करने के लिए भोपाल बुलाया गया था। व्यापारियों की समस्याओं को जाना गया है जिनके निराकरण की दिशा में पहल होगी। कई शिकायतें कलेक्टर स्तर की है और उसके लिए उन्हें निर्देश दिए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications