मध्य प्रदेश में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज (लीड-1)
प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए पुलिस को कई स्थानों पर लाठीचार्ज भी करनी पड़ा। इसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। भोपाल में एक कार्यकर्ता पुतला जलाने की कोशिश में बुरी तरह आग से झुलस गया।
बिजली सहित अन्य समस्याओं को लेकर राजगढ़ में ज्ञापन सौंपने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मंगलवार को पुलिस ने लाठियां बरसाई थी। इस लाठीचार्ज में दिग्विजय सिंह सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता घायल हुए थे। इसके विरोध में युवक कांग्रेस ने बुधवार को पूरे प्रदेश में प्रदर्शन का ऐलान किया था।
भोपाल में पुतला दहन को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं की आपस में झड़प हो गई। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए लाठीचार्ज किया। वहीं रंगमहल चौराहे पर मुख्यमंत्री का पुतला जला रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झूमा-झटकी हो गई। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता जफर नकवी झुलस गया। इन कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां भी चलाईं, जिसमें कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए।
इसी तरह जबलपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर प्रदर्शन के दौरान लाठियां भांजी गई। लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल हुए। इन्दौर, गुना, शिवपुरी और सतना में भी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर दिग्विजय सिंह पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराए जाने की मांग की। कांग्रेस प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने आईएएनएस से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के इशारे पर जगह-जगह हुए लाठीचार्ज ने सरकार का फासीवादी चेहरा सामने ला दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications