अखिलेश यादव ने पत्नी के समर्थन में किया रोड शो
रोड शो के दौरान अखिलेश ने लोगों से कहा कि उनका फिरोजाबाद से खास लगाव है और वह यहां विकास को लेकर बहुत गंभीर हैं। इसलिए पार्टी की तरफ से उनकी पत्नी डिंपल यादव को यहां से चुनाव लड़ाने के लिए मैदान में उतारा गया है। फिरोजाबाद लोकसभा सीट अखिलेश यादव के इस्तीफे के कारण खाली हुई है। बीते लोकसभा चुनाव में अखिलेश ने फिरोजाबाद के साथ-साथ कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने फिरोजाबाद सीट छोड़ दी।
काफी सोच विचार बाद सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह ने अपनी बहू और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल को फिरोजाबाद से प्रत्याशी बनाने का फैसला किया। पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा की जा चुकी है। इससे पहले सपा की तरफ से इस सीट पर लोक जनशक्ति पार्टी(लोजपा) प्रमुख रामविलास पासवान को उम्मीदवार बनाए जाने की भी चर्चा थी।
माना जा रहा है कि फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर डिंपल यादव का मुख्य मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर से होगा, जो एक समय सपा से सांसद भी रह चुके हैं। मुलायम सिंह यादव, रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, अखिलेश यादव और धर्मेंद्र यादव के बाद डिंपल राजनीति में उतरने वाली यादव परिवार की छठी सदस्य हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications