हेलीकॉप्टर के साथ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री लापता (लीड-3)
राज्य सरकार ने कहा है कि भारतीय वायु सेना के कम से कम पांच हेलीकाप्टर और एक निजी हेलीकॉप्टर लापता हेलीकॉप्टर की तलाश में लगे हुए हैं।
साठ वर्षीय रेड्डी अपने विशेष सचिव के साथ हैदराबाद से करीब 588 किलोमीटर चित्तूर जा रहे थे। चित्तूर तमिलनाडु की सीमा से लगा हुआ है।
राज्य के वित्त मंत्री के. रोसियाह और मुख्य सचिव रामाकांत रेड्डी ने नाल्लामल्ला जंगल क्षेत्र के लोगों से तलाशी अभियान में सहयोग करने की अपील की है। इस जंगली क्षेत्र में ही कुर्नूल और आसपास के जिले स्थित हैं।
मुख्यमंत्री के लापता होने पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चिंता जाहिर की है। आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव ने कहा कि दोनों नेता राज्य सरकार के संपर्क में है।
इस बीच राज्य सरकार ने नई दिल्ली में गृह और रक्षा मंत्रालयों को सचेत कर दिया है। मुख्य सचिव ने नई दिल्ली से क्षेत्र में मानवरहित विमान भेजने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि सरकार बुधवार सुबह 9.45 बजे से मुख्यमंत्री से संपर्क में नहीं है। "अभी तक मुख्यमंत्री के बारे में हमारे पास कोई सूचना नहीं है।"
उन्होंने कहा, "यह संभव है कि तेज हवा व भारी बारिश के कारण हेलीकॉप्टर किसी अज्ञात जगह पर उतर गया हो। यदि आप किसी अज्ञात जंगली क्षेत्र में उतरें हो तो वहां से बाहर निकलना काफी मुश्किल होता है।"
उन्होंने कुर्नूल के जंगली और अंदरूनी इलाकों में रहने वाले लोगों से तलाशी अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें कोई सूचना मिलती है तो कृप्या हमें बताएं।
इससे पहले राज्य के सामाजिक कल्याण मंत्री पी. सुभाष चंद्र बोस ने कहा था कि मुख्यमंत्री सुरक्षित हैं लेकिन पुलिस अधिकारी यह पता नहीं लगा पाए हैं कि वह कहां हैं।
उन्होंने इस पर जोर दिया कि हेलीकॉप्टर में सवार मुख्यमंत्री, उनके विशेष सचिव और दो पायलट सुरक्षित हैं।
इस बारे में विस्तृत जानकारी देने से इंकार करते हुए बोस ने कहा, "हमारे पास सूचना है कि मुख्यमंत्री सुरक्षित हैं।"
अधिकारियों का कहना है कि कुर्नूल नक्सल प्रभावित जिला है और जिले में ही कहीं हेलीकॉप्टर उतरा है।
उधर, कांग्रेस सांसद नंदीयाल एस. पी. वाई. रेड्डी ने एक तेलुगू टेलीविजन चैनल से कहा कि उन्हें अभी तक इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है कि मुख्यमंत्री कहां हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री आज सुबह 10.30 बजे चित्तूर जिले में जाने वाले थे, लेकिन उड़ान भरने के बाद उनके हेलीकॉप्टर से अचानक संपर्क टूट गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications