पाकिस्तान ने बातचीत बहाली का फिर आग्रह किया
इस्लामाबाद ने कश्मीर मुद्दे को फिर से ताजा करने की कवायद की है, जिसे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बीच 16 जुलाई को शर्म अल-शेख में हुई बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में स्थान नहीं मिल पाया था।
भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त शाहिद मलिक ने यहां राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय में वरिष्ठ रक्षा व प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत बहाली से जम्मू एवं कश्मीर सहित विभिन्न मुद्दों को सुलझाने का एक अच्छा मौका उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया में स्थायी और टिकाऊ शांति का सार यही है।
मलिक ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद के खात्मे के लिए ठोस कार्रवाई कर रहा है। मलिक ने इस संदर्भ में मुंबई हमले के बाद पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद के खिलाफ उठाए गए कुछ कदमों को रेखांकित किया।
मलिक ने कहा, "आतंकवाद एक क्षेत्रीय मुद्दा है और इसे एक क्षेत्रीय समाधान की जरूरत है।"
शर्म अल-शेख में जारी हुए संयुक्त बयान का जिक्र करते हुए मलिक ने कहा कि दोनों पक्षों ने स्वीकार किया है कि सभी लंबित मुद्दों पर चर्चा के जरिए आगे बढ़ने का एक मात्र रास्ता बातचीत की बहाली ही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications