भारत ने वित्तीय संकट से निपटने के लिए बेहतर निगरानी का आव्हान किया
विदेश मंत्री एस.एम कृष्णा ने मंगलवार को ब्रासिलिया में भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका(इबसा) के विदेश मंत्रियों की बैठक में कहा, "वित्तीय संकट से निपटने के लिए बेहतर निगरानी एवं नियमन व्यवस्था की जरूरत है। हमें पारदर्शी नियमन प्रणाली विकसित करनी होगी जो मौजूदा संकट के लिए जिम्मेवार त्रुटियों को दूर कर सके। पूंजी बाजार को ज्यादा अनुशासित बनाए जाने की जरूरत है।"
उन्होंने वैश्विक वित्तीय संस्थानों में विकासशील देशों की भूमिका का विस्तार किए जाने की जरूरत पर बल दिया। कृष्णा ने कहा कि प्रणालीगत वित्तीय एवं आर्थिक असंतुलन का तुरंत पता लगाने के लिए बेहतर निगरानी व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने बेलगाम लोभ और कयासबाजी को मौजूदा संकट का मूल करार देते हुए कहा कि ऐसे संकट से करोड़ों लोगों की माली हालत बिगड़ी है। जी-20 की बैठक 24 सितंबर को अमेरिका में होगी जहां मौजूदा मंदी पर खास चर्चा होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications