अपोलो मिशन के सच की पुष्टि करती हैं चंद्रयान की तस्वीरें
चंद्रमा की सतह के बारीक चित्र खींचने के लिए चंद्रयान में फिट किए गए कैमरे ने न सिर्फ चांद पर अपोलो के उतरने की जगह की तस्वीर ली है, बल्कि उस लूनर रोवर के मार्ग की तस्वीरें भी लीं हैं जिसका इस्तेमाल अंतरिक्ष यात्रियों ने चांद की सतह पर यात्रा के लिए किया था।
तस्वीरों से पता चलता है कि अभी भी अपोलो 15 और लूनर रोवर के उतरने के सबूत वहां मौजूद हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन(इसरो)के प्रकाश चौहान ने यहां मीडिया को बताया कि चंद्रयान में लगे हाइपर-स्पेक्ट्रल कैमरे द्वारा ली गईं तस्वीरें अपोलो 15 मिशन को झूठा करार देने वालों को यह पुख्ता सबूत देती हैं कि मिशन सच था।
वह यहां लो कॉस्ट प्लैनेट मिशंस (एलसीपीएम)पर आयोजित कांफेंस में भाग लेने आए हुए थे। उन्होंने कहा, "हमने चांद की सतह पर अपोलो के उतरने से तब हुई हलचल के सबूतों को कैमरे में कैद कर लिया है। चांद की धूल काली है। अपोलो के उतरने से चांद पर काली धूल उड़ी थी और वह नजारा अभी भी वहां मौजूद है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications