हमले में पाकिस्तानी मंत्री घायल, चालक ने दम तोड़ा
इस्लामाबाद, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अज्ञात बंदूकधारियों ने बुधवार को एक मंत्री के वाहन पर गोलियां बरसाईं। इस हमले में मंत्री घायल हो गए जबकि उनके चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
समाचार एजेंसी डीपीए ने जमील अहमद नाम के एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से खबर दी है कि धार्मिक मामलों के मंत्री हामिद सईद काजमी अपने कार्यालय से कुछ सौ मीटर की दूरी पर थे, तभी एक बंदूकधारी ने ए के 47 राइफल से उनके वाहन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं।
"गोलीबारी के बाद बंदूकधारी ने अपनी राइफल सड़क पर ही फेंक दी और मोटरबाइक से वहां से फरार हो गया। वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।"
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मंत्री को पैर में गोली लगी है और उनका एक सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गया है।
वकारुल हसन नाम के एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, "चार बंदूकधारी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए। फरार होने से पहले उन्होंने क्लाजनिकोव और पिस्तौल से गोलियां बरसाईं।"
काजमी का स्थानीय अस्पताल में ऑपरेशन किया जा रहा है लेकिन उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
हमले की जिम्मेदारी तत्काल किसी ने नहीं ली है लेकिन काजमी उदारवादी मुस्लिम माने जाते हैं और वह अक्सर तालिबान की आलोचना करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications