मुख्यमंत्री राजशेखर रेड्डी के बारे में विरोधाभासी रिपोर्ट (लीड-1)
मौसम खराब होने के बावजूद हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी थी।
राज्य के सामाजिक कल्याण मंत्री पी. सुभाष चंद्र बोस ने हालांकि कहा कि मुख्यमंत्री सुरक्षित हैं लेकिन पुलिस अधिकारी यह पता नहीं लगा पाए हैं कि वह कहां हैं।
उन्होंने इस पर जोर दिया कि हेलीकॉप्टर में सवार मुख्यमंत्री, उनके विशेष सचिव और दो पायलट सुरक्षित हैं।
इस बारे में विस्तृत जानकारी देने से इंकार करते हुए बोस ने कहा, "हमारे पास सूचना है कि मुख्यमंत्री सुरक्षित हैं।"
अधिकारियों का कहना है कि कुर्नूल नक्सल प्रभावित जिला है और जिले में ही कहीं हेलीकॉप्टर उतरा है।
कांग्रेस सांसद नंदीयाल एस. पी. वाई. रेड्डी ने एक तेलुगू टेलीविजन चैनल से कहा कि उन्हें अभी तक मुख्यमंत्री कहां हैं इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है।
कुर्नूल से फोन पर उन्होंने कहा कि पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
तलाशी अभियान के लिए हैदराबाद से दो हेलीकॉप्टरों को रवाना किया गया है। लापता हेलीकॉप्टर का पता लगाने के लिए सेना की सहायता मांगी गई है।
उधर, अपुष्ट खबरों के मुताबिक मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को एक जंगल में खोज निकाला गया है। हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में यहां उतरना पड़ा था।
इस बारे में राज्य सचिवालय में एक उच्चस्तरीय बैठक जारी है।
मुख्यमंत्री आज सुबह 10.30 बजे चित्तूर जिले में जाने वाले थे, लेकिन उड़ान भरने के बाद उनके हेलीकॉप्टर से अचानक संपर्क टूट गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications