एच1एन1 संक्रमण से बचाव में आईफोन का इस्तेमाल
वाशिंगटन, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। स्वाइन फ्लू जैसी संक्रामक बीमारियों से निपटने की रणनीति के तहत आईफोन आधारित एक ऐसे अनुप्रयोग का विकास किया गया है जो समय रहते संक्रमित स्थलों और संक्रमण की तीव्रता के बारे में लोगों को सतर्क कर सके।
संचार क्षेत्र के अमेरिकी रणनीतिकारों द्वारा विकसित इस अनुप्रयोग का नाम 'आउटब्रेक्स नियर मी' रखा गया है। लोगों को संक्रमण की त्वरित चेतावनी व जानकारी देने वाला यह अनुप्रयोग हेल्थमैप नामक ऑनलाईन प्रणाली पर आधारित है। हेल्थमैप के तहत संक्रामक रोगों के प्रसार की अग्रिम सूचना दी जाती है।
इसके तहत ऐसे रोगों से संबंधित जानकारियों का संग्रह कर उनकी जांच की जाती है और फिर लोगों में इसे प्रसारित किया जाता है। हेल्थमैप के तहत इन रोगों के विस्तार को नक्शे के जरिए भी बताया जाता है।
यह अनुप्रयोग लोगों को संक्रमित स्थलों की सटीक जानकारी देकर उन्हें ऐसे स्थलों पर जाने से बचने और बचाव का उपाय अपनाने में मदद देता है। उपभोक्ता को सर्वाधिक नजदीकी संक्रमित स्थलों की सटीक जानकारी तुरंत मुहैया करा दी जाती है।
इसके अलावा संक्रमण के बारे में अतिरिक्त जानकारी भी हासिल की जा सकती है। उपभोक्ता जैसे ही किसी संक्रमित स्थल के नजदीक पहुंचता है आईफोन स्क्रीन पर चेतावनी भरा संदेश कौंधता है। हेल्थमैप के सह-संस्थापक जॉन ब्राउनस्टीन कहते हैं, "यह संक्रमण के खिलाफ कारगर हथियार है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications