स्वाइन फ्लू: मृतकों की संख्या 100 हुई

स्वास्थ्य अधिकारियों ने यहां कहा कि कुल 100 मौतों में अकेले महाराष्ट्र हुई 55 मौतें शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में सोमवार को स्वाइन फ्लू के कारण जहां पहली मौत हुई है, वहीं कर्नाटक में दो लोगों की इस बीमारी के कारण मौत हो गई है।
106 नए मामलों की पुष्टि
इसके अलावा सोमवार को देश में इनफ्लुएंजा ए(एच1एन1) वायरस के 106 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही देश में फ्लू पीड़ितों की संख्या बढ़ कर 3,987 हो गई है।
फ्लू पीड़ितों और फ्लू के कारण होने वाली मौतों के मामले में महाराष्ट्र लगातार पहले स्थान पर बना हुआ है। सोमवार को प्रकाश में आए 106 मामलों में से 48 मामले अकेले महाराष्ट्र से हैं। राज्य में अब तक फ्लू के कुल 1,639 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
दिल्ली में 655 मामले
फ्लू पीड़ितों की संख्या के मामले में दिल्ली दूसरे स्थान पर है। दिल्ली में अब तक इस बीमारी के 655 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। सोमवार को दिल्ली में 12 नए मामले सामने आए। फ्लू पीड़ितों की संख्या के मामले में कर्नाटक तीसरे स्थान पर है। वहां अब तक कुल 441 मामले प्रकाश में आ चुके हैं। सोमवार को कर्नाटक में 11 नए मामलों की पुष्टि हुई।
इसके अलावा सोमवार को तमिलनाडु में 15, उत्तर प्रदेश में सात, केरल में पांच, हरियाणा व पश्चिम बंगाल में दो-दो तथा गोवा, उत्तराखंड, मिजोरम और राजस्थान में क्रमश: एक-एक मामले सामने आए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications