अगवा चिकित्सक मुक्त
पटना,1 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार के मधेपुरा जिला के उदाकिशुनगंज प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के अपहृत चिकित्सक संजय कुमार को पुलिस ने मंगलवार को सहरसा जिले के बथनही थाना क्षेत्र से मुक्त करा लिया।
सहरसा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि अपहृत चिकित्सक को तड़के बथनही थाना के पहाड़पुर गांव के पास एक गन्ने के खेत से बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि अपहरणकर्ता पुलिस को देखकर चिकित्सक को वहीं छोड़कर फरार हो गए। कुमार के अनुसार गन्ने के खेत से पुलिस ने तीन हथियार और एक मोटरसाईकिल भी बरामद की।
पुलिस के अनुसार संजय से पूछताछ की जा रही है तथा अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं को किसी भी प्रकार की फिरौती देने से इंकार किया है।
उल्लेखनीय है कि संजय को गत शनिवार को उस समय अगवा कर लिया गया था जब वह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से अपने घर मधेपुरा लौट रहे थे। अपहरणकर्ताओं ने संजय के परिजनों से 15 लाख रुपए की फिरौती भी मांगी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications