वसुंधरा का इस्तीफा कुछ दिन के लिए टला (लीड-1)
भाजपा के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू ने कहा कि वसुंधरा से इस्तीफा लेने का फैसला किसी व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि पार्टी का है और उन्हें उम्मीद है कि वह पार्टी के आदेश का पालन करेंगी।
पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह के आवास पर हुई एक बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में वेंकैया ने कहा, "वसुंधरा के बारे में मीडिया में जो कयास लगाए जा रहे हैं वह बिल्कुल गलत है। वह वास्तव में बीमार हैं। मैंने पार्टी अध्यक्ष को आज की बैठक में इस बारे में अवगत करा दिया है।"
उन्होंने कहा, "वसुंधरा स्वस्थ हो जाएंगी तो पार्टी नेतृत्व के आदेश का पालन करेंगी।"
बैठक में राजनाथ और नायडू के अलावा लोकसभा में विपक्ष की उपनेता सुषमा स्वराज और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली भी शामिल थे।
पार्टी आलाकमान की तरफ से वसुंधरा को पहले ही नेता प्रतिपक्ष का पद छोड़ने के लिए कहा जा चुका है लेकिन वसुंधरा ने अभी तक अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है।
गौरतलब है कि वसुंधरा गत रविवार को देर शाम दिल्ली पहुंची थी और नायडू से सोमवार को उनकी मुलाकात प्रस्तावित थी। लेकिन वह खुद उनसे मिलने नहीं पहुंची बल्कि उन्होंने बेटे व सांसद दुष्यंत सिंह को उनसे मिलने भेज दिया। बताया गया कि वसुंधरा की तबियत बिगड़ गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications