स्वाइन फ्लू से 1 की मौत, मृतकों की संख्या 101 हुई (लीड-1)
स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार कर्नाटक में दो लोगों की मौत हुई है लेकिन अभी उनकी जांच रिपोर्ट मिलनी बाकी है।
बयान के अनुसार अब तक 22478 लोगों की जांच की गई जिसमें से 4101 में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक कुल 101 मौतों में अकेले महाराष्ट्र में 55 मौतें हुई हैं। फ्लू पीड़ितों और फ्लू के कारण होने वाली मौतों के मामले में महाराष्ट्र लगातार पहले स्थान पर बना हुआ है।
फ्लू पीड़ितों की संख्या के मामले में दिल्ली दूसरे स्थान पर और कर्नाटक तीसरे स्थान पर है।
ग्रामीणों ने किया मजदूरों का बहिष्कार :
बिहार में स्वाइन फ्लू के डर से ग्रामीणों ने बेंगलुरू से लौटे लोगों को बहिष्कार कर दिया है।
बिहार के मुंगेर के बरियारपुर प्रखंड के कुमारपुर गांव के करीब एक दर्जन लोग रोजगार की तलाश में कुछ दिन पूर्व बेंगलुरू गए थे और वहीं ये मजदूरी करने लगे थे। स्वाइन फ्लू के डर से ये लोग गत शनिवार को अपने गांव वापस लौट गए परंतु यहां के ग्रामीणों ने उनका बहिष्कार कर दिया। इन लोगों के चाय दुकान या पान दुकान पर जाते ही वहां मौजूद ग्रामीण भाग जाते हैं।
मुंगेर के कुमारपुर गांव में इन मजदूरों के बहिष्कार की सूचना पाकर बरियारपुर प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ़ बलराम साहू ने इन मजदूरों की जांच की जिसमें किसी प्रकार का स्वाइन फ्लू के लक्ष्ण नहीं दिखाई दिए। साहू ने बताया कि अशोक साहनी, गौतम साहनी, बहादुर साहनी समेत करीब एक दर्जन मजदूर बेंगलुरू से वापस आए हैं। उन्होंने कहा कि इन मजदूरों में स्वाइन फ्लू का कोई भी लक्षण नहीं है। उन्होंने कहा कि ये मजदूर पूरी तरह स्वस्थ हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी जा रही है ताकि ग्रामीण इन मजदूरों से भागे नहीं। उधर, इन मजदूरों का कहना है कि उनसे तो ग्रामीण परहेज कर ही रहे हैं उनके बच्चों से भी यहां के बच्चे दूरी बनाए हुए हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार में अब तक सिर्फ एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है।
मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 4 मामले :
मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू पीड़ित एक और मरीज की पुष्टि हुई है, जो राजधानी भोपाल का निवासी है। इस तरह प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लूू ग्रसित मरीजों की संख्या चार हो गई है।
प्रदेश के स्वास्थ्य संचालक डॉ़ अशोक शर्मा ने आईएएनएस को बताया है कि एक और मरीज के नमूने की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। भोपाल निवासी विवेक पटेल का नमूना 29 अगस्त को जांच के लिए भेजा गया था जिसकी रिपोर्ट मंगलवार को आई है। उन्होंने बताया कि विवेक व्यापारिक कार्य से मुम्बई गया हुआ था। स्वास्थ्य विभाग विवेक के स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications