स्वाइन फ्लू के डर से ग्रामीणों ने किया बेंगलुरू से लौटे मजदूरों का बहिष्कार
बिहार के मुंगेर के बरियारपुर प्रखंड के कुमारपुर गांव के करीब एक दर्जन लोग रोजगार की तलाश में कुछ दिन पूर्व बेंगलुरू गए थे और वहीं ये मजदूरी करने लगे थे। स्वाइन फ्लू के डर से ये लोग गत शनिवार को अपने गांव वापस लौट गए परंतु यहां के ग्रामीणों ने उनका बहिष्कार कर दिया। इन लोगों के चाय दुकान या पान दुकान पर जाते ही वहां मौजूद ग्रामीण भाग जाते हैं।
मुंगेर के कुमारपुर गांव में इन मजदूरों के बहिष्कार की सूचना पाकर बरियारपुर प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ़ बलराम साहू ने इन मजदूरों की जांच की जिसमें किसी प्रकार का स्वाइन फ्लू के लक्ष्ण नहीं दिखाई दिए। साहू ने बताया कि अशोक साहनी, गौतम साहनी, बहादुर साहनी समेत करीब एक दर्जन मजदूर बेंगलुरू से वापस आए हैं। उन्होंने कहा कि इन मजदूरों में स्वाइन फ्लू का कोई भी लक्षण नहीं है। उन्होंने कहा कि ये मजदूर पूरी तरह स्वस्थ हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी जा रही है ताकि ग्रामीण इन मजदूरों से भागे नहीं। उधर, इन मजदूरों का कहना है कि उनसे तो ग्रामीण परहेज कर ही रहे हैं उनके बच्चों से भी यहां के बच्चे दूरी बनाए हुए हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार में अब तक सिर्फ एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications