विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा नेताओं ने की बैठक
बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा, "निर्वाचन आयोग ने तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसी सिलसिले में हमने आज की बैठक की। बैठक में चुनावी तैयारियों के बारे में चर्चा हुई।"
उन्होंने कहा, "चार सितम्बर को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई है जिसमें चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।"
बैठक में राजनाथ और नायडू के अलावा लोकसभा में विपक्ष की उपनेता सुषमा स्वराज और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली भी शामिल थे।
निर्वाचन आयोग ने सोमवार को महाराष्ट्र, हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश में 13 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की थी। हरियाणा में विधानसभा की 90, महाराष्ट्र में 288 और अरुणाचल में 60 सीटें हैं।
हरियाणा विधानसभा का पिछला चुनाव भाजपा ने इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के साथ मिलकर लड़ा था लेकिन इस बार सीटों के बंटवारें को लेकर दोनों दलों में सहमति नहीं हो सकी। भाजपा ने पिछले दिनों इनेलो से अलग होने और अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।
महाराष्ट्र में शिव सेना के साथ भाजपा का गठबंधन है। पार्टी का वहां सीटों का तालमेल लगभग तय हो चुका है। शिव सेना नेता संजय राउत के मुताबिक, "विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा से सीटों का तालमेल लगभग पूरा हो गया है। राज्य में शिव सेना चूंकि बड़ी पार्टी है इसलिए हम 177 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे जबकि भाजपा 111 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।"
ज्ञात हो कि तीनों राज्यों में 13 अक्टूबर को मतदान होना है जबकि वोटों की गिनती 22 अक्टूबर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications